जिलेे के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार की शाम आंधी बारिश के बीच एक बालक समेत दो की मौत हो गई। कोन थाना क्षेत्र के करईल गांव के धगरिहवा टोला में बिजली गिरने से सुरेश धांगर (12) की मौत हो गई। जबकि म्योरपुर में चैरी गांव में माता प्रसाद (55) की भी बिजली गिरने से मौत हो गई।
शुक्रवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे मौसम में तब्दीली के साथ ही आसमान में बादल उमड़ने-घुमड़ने लगे। राबर्ट्सगंज नगरीय क्षेत्र में हल्की आंधी चलने के साथ ही बारिश भी शुरू हो गई। इस दौरान बिजली भी गिरी, जिससे इंटरनेट सेवा बाधित हो गई। कई कार्यालयों में इंटरनेट सेवा प्रभावित होने से कामकाज भी प्रभावित हुआ।
उधर राबर्ट्सगंज के आसपास के इलाकों में भी बारिश हुई, जिससे कुछ देर के लिए विद्युत आपूर्ति ठप रही। कोन प्रतिनिधि के अनुसार चोपन ब्लॉक के कई इलाकों में दोपहर बाद आंधी के साथ बारिश भी हुई। कुछ इलाकों में गरज के साथ हुई बािरश के दौरान बिजली भी गिरी। कोन थाना क्षेत्र के करईल गांव के धगरिहवा टोला में शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे बिजली गिरने से महुआ की डोरी बिन रहे सुरेश धांगर(12) पुत्र मिश्रीलाल धांगर की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत यहीं रही कि एक अन्य लड़की कुछ दूरी पर थी जो बाल-बाल बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर , म्योरपुर संवाददाता के अनसाार थाना क्षेत्र के चैरी गांव में शुक्रवार की शाम माता प्रसाद (55) आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया था। इस दौरान वह बुरी तरह झुलस गया था। ग्रामीणों की मदद से उसे म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सालय कर्मियों ने मेमो के माध्यम से थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद सीएचसी पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ ही शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी थी।