तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
डडिहरा गांव के जंगल में मृत मिले तेंदुए की उम्र 8 से 10 वर्ष होने का अनुमान है। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक सरोज ने बताया कि तेंदुए की उम्र 17 से 18 साल तक होती है। मृत मिला तेंदुआ 10 साल के अंदर का ही है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि इलाके में तेंदुओं की प्रजाति मौजूद है। पिपरी के चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष मौर्या ने कहा कि तेंदुआ काफी फुर्तीला होता है। 80 किलो तक का वजन लेकर बड़े पेड़ों पर चढ़ सकता है।
म्योरपुर वन रेंज के जंगलों में तेंदुए की मौत की सूचना मिलते ही भीड़ पहुंचने लगी। वन रेंज कार्यालय में भी लोग तेंदुआ देखने के लिए पहुंचे। हालांकि वन कर्मियों ने उन्हें बाहर कर दिया। मौके पर कड़ी सुरक्षा रही। पता चला कि पोस्टमार्टम के दौरान जब तेंदुए के बाल छीले गए तो गर्दन और पीठ पर गहरा निशान पाया गया, जिससे दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि जंगली सूअर के शिकार के लिए अक्सर जंगलों में शिकारी जाल लगाते हैं। तेंदुआ इसी जाल में फंसा होगा। हालांकि वन विभाग के अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।