दुद्धी तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र शिकायतों पर बेहद सख्त दिखे। मझौली के शंभूनाथ संग पहुंचे ग्रामीणों ने लेखपाल चित्रसेन पर पैसा लेने के बाद भी आवास न देने का आरोप लगाया। कमिश्नर ने तत्काल लेखपाल को दुद्धी से हटाकर मंडल के दूसरे छोर पर स्थित भदोही जिले से संबद्ध करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने पर दुद्धी सीएचसी के अधीक्षक शाह आलम, एडीओ पंचायत म्योरपुर, एडीओ कृषि, एडीओ सहकारिता, नलकूप विभाग के एई का जून माह के वेतन भुगतान पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
कमिश्नर की मौजूदगी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 139 शिकायतें आईं। इसमें तीन का मौके पर निस्तारण किया गया जबकि छह मामलों के लिए टीम गठित की गई। इस तरह कुल नौ मामले निस्तारित हुए। अन्य प्रकरणों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की हिदायत के साथ संबंधित विभागों को सुपुर्द किया गया। इस मौके पर एसडीएम शैलेंद्र मिश्र, तहसीलदार बृजेश वर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं सदर तहसील सभागार में डीएम चंद्र विजय सिंह ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल 181 मामले आए। डीएम ने सभी अफसरों को निर्देश दिया कि शिकायतों का सही ढंग से निस्तारण करें। आधी-अधूरी रिपोर्ट के साथ निस्तारण करने को लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अफसरों के विरुद्ध शासन को पत्र भी भेजा जाएगा। इस मौके पर एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एसडीएम राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। घोरावल में एडीएम सहदेव मिश्र, एसडीएम श्याम प्रसाद मिश्र, तहसीलदार सुशील कुमार ने शिकायतों की सुनवाई की तो ओबरा तहसील में सीडीओ सौरभ गंगवार, एसडीएम रमेश कुमार सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।