दुद्धी। किसानों के धान के सत्यापन में लापरवाही बरतने की शिकायत की जांच करने के लिए सोमवार को उपजिलाधिकारी रमेश कुमार सागो बांध गांव पहुंचे। यहां चौपाल लगाकर किसानों के धान सत्यापन के मामले की जांच की। इस दौरान लेखपाल द्वारा किसानों के धान सत्यापन न किए जाने का मामला सामने आया। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल को निलंबित कर दिया।
एसडीएम ने किसानों की समस्याएं सुनते हुए समाधान कराने का भरोसा दिलाया। इसमें किसानों ने धान के सत्यापन ना किए जाने का मामला उठाया। एसडीएम ने कई किसानों के खतौनी से मिलान कर जांच की तो शिकायत सही निकली। एसडीएम ने बताया कि सागो बांध के हल्का लेखपाल कुंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।