विधानसभा चुनाव के साथ ही जिले में विधान परिषद चुनाव की तैयारी भी तेज हो गई है। मिर्जापुर-राबर्ट्सगंज सीट के लिए चुनाव पहले चरण में तीन मार्च को होगा। इसके लिए चार फरवरी को स्थानीय स्तर पर अधिसूचना जारी होगी। इस चुनाव में 1587 मतदाता हिस्सा लेंगे। कुल दस बूथों पर वोट पड़ेंगे।
विधान परिषद सदस्य (स्थानीय निकाय) के चुनाव में ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, नगर निकायों के अध्यक्ष व सभासद वोट करेंगे। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक जिले में इस श्रेणी के कुल मतदाताओं की संख्या 1587 है। इनके मतदान के लिए राबर्ट्सगंज, चोपन, घोरावल, दुद्धी, चतरा, नगवां, म्योरपुर और बभनी ब्लाक कार्यालय में एक-एक बूथ बनाए जाएंगे। इसके अलावा ओबरा नगर पंचायत और पिपरी राजकीय इंटर कॉलेज मेें भी एक बूथ होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि चुनाव की प्रक्रिया चार फरवरी से शुरू हो जाएगी। 11 फरवरी तक नामांकन होगा। इसके बाद 14 को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 16 फरवरी को उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। तीन मार्च को सुबह आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक वोट पड़ेंगे। मतगणना 12 मार्च को होगी। आयोग के निर्देशानुसार चुनाव की प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से सकुशल पूर्ण कराया जाएगा।