अखिल भारतीय प्रधान संगठन से जुड़े ग्राम प्रधानों ने अपने अधिकारों की मांग को लेकर सोमवार को सदर तहसील पर प्रदर्शन किया। प्रधानों ने मनरेगा के तहत बकाया मजदूरी का भुगतान 15 दिन के अंदर करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुमंत सिंह मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को बढ़ाए गए वित्तीय अधिकार एवं मानदेय का सभी प्रधान स्वागत करते हैं लेकिन यह बढ़ोत्तरी अभी क म है। कहा कि ग्राम पंचायत सचिव से एक रुपये ज्यादा मानदेय दिया जाए और पेंशन की व्यवस्था की जाए। गांव में मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों की मजदूरी मनरेगा एक्ट के तहत 15 दिन के अंदर भुगतान हो। कहा कि ग्राम पंचायतों की खुली बैठक कराकर उसमें पात्र व्यक्तियों का चयन कराकर आवास, शौचालय, पेंशन, राशन कार्ड की सुविधा दी जाए। जिला महामंत्री अशोक चंद्रवंशी ने कहा कि ग्राम पंचायतों को उनके जरूरत के मुताबिक सीधे ग्राम पंचायतों के खाते में ज्यादा से ज्यादा धन देकर ग्राम स्वराज्य की अवधारणा को क्रियान्वित किया जाए। सभा की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत पटेल ने किया। इस मौके पर धर्मेंद्र सिंह, सुशील मिश्रा, मृत्युंजय सिंह, श्याम लाल, रामप्रताप, नंदलाल, अजय कुमार, कमला प्रसाद, उमेश गिरि, बैजू, राधेश्याम, लालता यादव, कृष्ण प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।