एनसीएल की तृतीय अंतर परियोजना विद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हुई। कंपनी की झिंगुरदा परियोजना में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में एनसीएल परिक्षेत्र के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने कुल आठ वर्गों में अपनी कला का प्रदर्शन किया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार को झिंगुरदा परियोजना के महाप्रबंधक एसके गोमास्ता ने किया। प्रतियोगिता में आठ स्पर्धाओं में एनसीएल मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों की टीमों ने भाग लिया। भजन स्पर्धा में केंद्रीय कर्मशाला, जयंत के सुमन शुक्ला ने और तबला स्पर्धा में झिंगुरदा के मयंक ने प्रथम स्थान हासिल किया। कव्वाली में निगाही की टीम और लोक नृत्य स्पर्धा में झिंगुरदा की टीम अव्वल रही। क्लासिकल सोलो डांस स्पर्धा का खिताब झिंगुरदा की रितिका सिंह ने अपने नाम किया जबकि सिंथाइजर में एनसीएल मुख्यालय के प्रियांशु सिंह अव्वल रहे। मुख्यालय की अनुष्का तिवारी एवं झिंगुरदा की स्वाति तिवारी संयुक्त रूप से लाइट सांग वर्ग में विजयी बनी। निगाही के ऋषभ राय गिटार स्पर्धा में पहले स्थान पर रहे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि निदेशक तकनीकी, संचालन गुणाधर पांडेय ने कहा कि एनसीएल परिवार में रचनात्मक प्रतिभाओं की भरमार है। ऐसी प्रतिभाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करना एनसीएल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी समझता है। इस मौके पर एसके शाह, टीबी राजू, सर्वेश सिंह, हीरा मणि यादव आदि मौजूद रहें।