अनपरा। नगर के एनसीएल ककरी परियोजना के आवासीय परिसर स्थित एकलव्य मैदान में शनिवार की रात शस्त्र, मुकूट पूजा एवं नारद मोह के साथ रामलीला का शुभारंभ हुआ। इस दौरान नारद को बंदर रूप में देखकर लोगों ने ठहाके लगाए।
एनसीएल ककरी परियोजना के महाप्रबंधक राजेंद्र वर्मा ने मुकुट पूजा की। रामलीला के व्यास ने मुकुट एवं शस्त्रों का पूजन कराया। इसके बाद मध्य प्रदेश के हनुमना रीवां से आए कलाकारों ने नारद मोह का मंचन किया। नारद का घमंड तोड़ने के लिए विष्णु भगवान ने उन्हें बंदर का रूप दे देते हैं। इसके बाद जब नारद श्रीनगर के राजा की पुत्री के साथ विवाह करने दरबार में जाते हैं, तब नारद के इस रूप को देखकर दर्शक ठहाके लगाते हैं। इस दौरान श्री दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक एनसीएल ककरी परियोजना के महाप्रबंधक राजेंद्र वर्मा, अध्यक्ष परियोजना अधिकारी अरविंद कुमार, सचिव उपप्रबंधक सिविल रावेंद्र कुमार, सह सचिव एसडी तिवारी, कोषाध्यक्ष हीरालाल आदि रहे।