घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के खजुरौल गांव में सोमवार को भूत-प्रेत को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से पिता-पुत्र को पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सीएचसी घोरावल से दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती घायल बंधु ने बताया कि सोमवार को वह अपने पुत्र महेश के साथ घर के बाहर घरेलू कार्य कर रहे थे। उसी दौरान गांव के तीन व्यक्ति उसके पास पहुंच कर लाठी-डंडों से पीटने लगे। उसे बचाने के लिए पुत्र महेश गया तो मनबढ़ों ने उसकी भी पिटाई कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो विपक्षीगण फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि घायल बंधु (55) तथा महेश (25) को मेडिकल परीक्षण तथा उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। डॉक्टर ने घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि भागीरथी, रघु तथा रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक एक भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े थे।