शक्तिनगर परिक्षेत्र में बीएसएनएल की केबिल कटने से मोबाइल व्यवस्था के साथ ही नेट सेवा ठप हो गई है। शुक्रवार से ही ठप पड़ी सेवा के चलते अब तक महकमे को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं एलआईसी, रेलवे सहित अन्य संस्थानों का नेट से जुड़ा कामकाज ठप रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताते हैं कि शक्तिनगर परिक्षेत्र में बीएसएनएल की लैंडलाइन तथा नेट सेवा बहाल रखने के लिए बिछाई गई दो सौ पेयर वाली केबल कट गई। इसके चलते एलआईसी, रेलवे का यहां नेट से जुड़ा सारा कामकाज ठप हो गया है। निजी कंपनियों की नेट सेवा से तो लोग किसी तरह कम चला ले रहे हैं, लेकिन एलआईसी में लेन-देन ठप रहने से पालिसीधारकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। एसडीओ पिपरी कमलापति का कहना है कि अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। जब तक कटी केबिल नहीं जुड़ जाती तब तक सेवा बाधित रहेगी। इसके लिए मिर्जापुर से केबिल ज्वाइंटर बुलाया गया है।