थाना क्षेत्र के करहिया में अनपरा-रेणुकूट मार्ग पर शुक्रवार की सुबह 11 बजे जाइलो-एसयूवी कार की टक्कर की चपेट में आकर बाइक सवार लैंको के दो इंजीनियरों की मौत हो गई। टक्कर में वाहनों के परखचे उड़ गए। देर तक मौके पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही। अनपरा-रेणुकूट के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर 24 घंटे में दो सड़क हादसों में सात की मौत हर किसी को गमगीन किए रही। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
घोरावल थाना क्षेत्र के केवली निवासी विपिन उपाध्याय (34) लैंको में सहायक प्रबंधक मैकेनिकल के पद पर कार्यरत थे। उनके पिता अमरेश उपाध्याय हिण्डाल्को रेणुपावर में कर्मचारी हैं। वहीं फिरोजबाद जिले के शिकोहाबाद थाना अंतर्गत नागलो बुद्ध निवासी अवनीश कुमार सिंह (35) लैंको में प्रबंधक मैकेनिकल के रूप में कार्यरत थे। उनके पिता सुल्तान सिंह भी हिण्डाल्को रेणुपावर के कर्मचारी हैँ। दोनों दोस्त थे और साथ ही पढ़ाई-लिखाई की थी। किसी काम से शुक्रवार की सुबह 11 बजे बाइक से रेणुकूट जा रहे थे। जैसे ही करहिया पहुंचे, ब्रेकर के पास ओवरटेक के चक्कर में तेज रफ्तार दो कारों में टक्कर हो गई और सड़क की साइड से जा रहे बाइक सवार विपिन, अवनीश की एक कार की चपेट में आकर मौत हो गई। खबर पाकर घटनास्थल पर पहुंचे परिवारीजनों को रो-रोकर बुरा हाल था।
लैंको-रेणुपावर में इस घटना को लेकर शोक का माहौल बना रहा। घटनास्थल और थाने पर दोनों परियोजनाओं के अधिकारियों और कर्मियों की भीड़ देर तक जमा रही। लैंको के सहायक महाप्रबंधक एचआर एसके द्विवेदी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।