शिवजीनगर बस्ती के समीप रेलवे क्राॅसिंग के बगल में स्थित नाले में मंगलवार को एक व्यक्ति का शव मिला। उसके सिर व आंख पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
मृतक की पहचान सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली जिले के पश्चिम विंध्यनगर थाना क्षेत्र निवासी रामलखन (53) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि रामलखन मजदूरी व कबाड़ चुनने का कार्य करता था। वह सोमवार सुबह घर से निकला था। इसके बाद न लौटने पर परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे।
इस बीच उसके शव मिलने की खबर पाकर वह मौके पर पहुंचे। चोट के आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शक्तिनगर प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।