राबर्ट्सगंज कोतवाली का घेराव करते लोग।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज में एटीएम से रुपये निकालने के दौरान एक युवक की पिटाई करने वालों की गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को एक समुदाय के लोगों ने कोतवाली का सांकेतिक घेराव किया। पुलिस ने सभी को बाहर रोक दिया। सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए करीब पांच लोग अंदर जाकर प्रभारी कोतवाल से मिलकर गिरफ्तार की मांग की।
इंस्पेक्टर ने बताया घायल अजीत सिंह के भाई सिमरनजित सिंह की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी शिनाख्त कर ली गई है, जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर चले गए। जानकारी के अनुसार 16 जून की शाम करीब सात बजे राबर्ट्सगंज के अंबेडकर नगर का रहने वाले अजीत सिंह नगर सहकारी बैंक के एटीएम मशीन से रुपये निकालने के लिए गए थे। वहां रुपये निकालने को लेकर अजीत का विवाद एक युवक से हो गया। वादी सिमरनजित सिंह का आरोप है कि अज्ञात दो युवकों ने उसके भाई को पीट कर गंभीर रूप से घायल करने के बाद पैर मोड़ कर चढ़ गए, जिससे पैर टूट गया। हमलावरों ने थाने में घटना की सूचना देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। प्रभारी कोतवाल विंकटेश तिवारी का कहना है कि घायल के भाई ने जो तहरीर दी थी उसके आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी शिनाख्त कर ली गई है। कुछ लोग हमलावरों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के बारे में जानकारी लेने के लिए आए थे, जब उन्हें पता चला कि हमलावर की पहचान कर खोजबीन की जा रही है तो वे लोग चले गए। कोतवाली का घेराव किसी ने नहीं किया। पिटाई करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।