सदर तहसील परिसर में दो दिन से चल रहा कोटेदारों का प्रशिक्षण बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया। दो दिन चले प्रशिक्षण में क्षेत्र के 290 कोटेदारों को ई-पॉश, ई-कांटा चलाने का प्रशिक्षण देते हुए इलेक्ट्रानिक कांटा वितरित किया गया।
कोटेदारों को प्रशिक्षण देने आए कंपनी के प्रशिक्षक अवधेश कुमार व प्रभात कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को 130 कोटेदारों को प्रशिक्षण दिया गया। इससे एक दिन पहले बुधवार को 160 कोटेदारों को प्रशिक्षण दिया गया था। कोटेदारों को ई-पाॅश व ई-कांटा संचालन करने के तरीकों को समझाया गया। बताया कि ई-पॉश खोलने पर कोटेदार का नाम आएगा। उनके नाम के नीचे पासवर्ड होगा। पासवर्ड डालने और कोटेदार के अंगूठा लगाने पर मशीन चालू हो जाएगा। इसके बाद ही बिक्री का पेज खुलेगा। इसमें राशन कार्ड संख्या डाला जाएगा। इसके बाद कार्ड में जितने लाभार्थियों का नाम अंकित होगा, इसकी लिस्ट सामने आ जाएगी। लाभार्थियों का अंगूठा लगाने के बाद राशन का तौल करके उन्हें दिया जाएगा। तौल मशीन से निकली पर्ची भी उन्हें देना पड़ेगा। जब तक एक राशन कार्डधारकों को अनाज तौल करके नहीं मिल जाता है, तब तक दूसरे लाभार्थी को राशन नहीं दिया जा सकेगा। प्रशिक्षण के दौरान विभाग के अनुराग सिंह, नितेश सिंह के साथ ही कोटेदार उपस्थित रहे।