बभनी। क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में मंगलवार को नक्सलियों की तलाश में नक्सल क्षेत्राधिकारी अभिनव यादव की अगुवाई में सीआरपीएफ, पुलिस और पीएसी के जवानों ने कांबिंग की। इस दौरान फोर्स ने छत्तीसगढ़ सीमा से सटे रम्पाकुरर, डूमरहर समेत अन्य जंगलों में चरवाहों और वहां के लोगों से संदिग्ध लोगों के बारे में पूछताछ की।
फोर्स के साथ सीओ सदर अभिनव यादव ने रम्पाकुरर, डूमरहर, बिछियारी, करमघट्टी, बचरा के जंगल में कांबिंग के बाद ग्रामीणों से बातचीत की और नक्सलियों के गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे निडर होकर जीवन-यापन करें। किसी को कोई परेशानी हो या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो वे तत्काल नजदीकी पुलिस को सूचना दें। संदिग्धों के बारे में सूचना देने वाले का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा। सीओ ने कहा कि कोराना से बचने के लिए फेस मास्क या गमछा से मुंह ढंक कर रखें। साबुन से हाथों को धुलते रहे और तबीयत खराब हो तो तत्काल नजदीकी अस्पताल जाकर इलाज कराएं। सीओ ने कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कांबिंग में सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट, बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा, प्रभारी निरीक्षक बीजपुर श्यामबहादुर यादव, म्योरपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर संजय कुमार पाल मौजूद रहे।