घोरावल क्षेत्र में न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल छात्र छात्राएं। स्रोत संस्थान
न्याय पंचायत स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोहरथा में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने लंबी कूद, ऊंची कूद, दौड़, कबड्डी, खो-खो, गोला फेंक, डिस्कस, वालीबाल और कुश्ती सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खो-खो प्रतियोगिता में कोहरथा का दबदबा रहा। वहीं, जूनियर वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में खड़देउर की टीम विजेता बनी। प्राथमिक वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं में बौराडीह, पड़वनिया और हिनौती की टीमों ने जीत हासिल की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अवकाश प्राप्त शिक्षक केवला प्रसाद तथा विशिष्ट अतिथि राम अवतार और बच्चू प्रसाद उपस्थित रहे। इसके अलावा एआरपी अनिल कुमार, ओम प्रकाश और राजेश पटेल की भी मौजूदगी रही। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पूजा तोमर, राधा देवी, सरिता कुमारी, सुशीला देवी, मीना कुमारी, विजयानंद, सुरेंद्र कुमार, अरुण कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। संचालन शिव शंकर ने किया।