सोनभद्र। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सोमवार को विविध आयोजन हुए। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदाता जागरूकता के लिए शपथ दिलाई। इसके बाद राबर्ट्सगंज के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। यहां छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। युवाओं से आह्वान किया कि आप मतदान का महत्व समझें और मतदाता बनें। आप मतदाता ही देश के निर्माता हैं।
विवेकानंद प्रेक्षागृह में हुए कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस को साकार करने के लिए एक जनवरी 2021 को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले सभी पात्रों को मतदाता सूची से जोड़ते हुए आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान किया जाए। 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाता शत-प्रतिशत बनकर पास-पड़ोस में मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करें। मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता बनना और मतदान करना दोनों ही जरूरी है। ई-ईपिक यानी मतदाता पहचान पत्र की शुरूआत हो गई है, लिहाजा अब मतदाताओं को ई-पिक की जगह ऑनलाइन क्यूआर कोड के जरिये कभी भी मतदाता पहचान-पत्र को प्रिंट कराने की सुविधा होगी। यहां एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम सदर डॉ. कृपा शंकर पांडेय, डीआईओएस पीके मिश्रा, डीपीआरओ विशाल सिंह, तहसीलदार सदर टीबी वर्मा, संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. गोपाल सिंह आदि रहे। छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ ही नुक्कड़-नाटक प्रस्तुत किया।
लोकतंत्र की है पहचान, मत मतदाता और मतदान
ओबरा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सोमवार को मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा के राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वितीय एक दिवसीय शिविर के तहत मतदाता जागरूकता रैली हुई। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना सहित महाविद्यालय के एनसीसी व रोवर्स रेंजर के भी छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने मतदाता जागरूकता संबंधी शपथ दिलाई। फिर उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखा रवाना किया। रैली महाविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर वीआईपी रोड, सेक्टर आठ होकर महाविद्यालय पर वापस पहुंची। रैली के बाद महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता संबंधी प्रतियोगिताएं हुईं। यहां प्राध्यापक डॉ. किशोर कुमार सिंह, एनसीसी प्रभारी डॉ. सुनील कुमार, रेंजर्स प्रभारी डॉ. संतोष कुमार सैनी, डॉ. विकास कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमूल्य कुमार सिंह, डॉ. विभा पांडेय एवं डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, प्रमोद केशरी, महेश कुमार पांडेय मौजूद रहे।
राबर्ट्सगंज स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय मतदाता जागरुकता का संकल्प लेते लोग।- फोटो : SONBHADRA