कोतवाली क्षेत्र के बैजनाथ गांव में सोमवार की रात मोबाइल फोन पर बात कर रहे युवक को एक बदमाश ने चाकू मार दिया। हमले में उसके गर्दन और हाथ पर चोट आई है। गंभीर रूप से घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है।
बैजनाथ गांव निवासी रामविलास (22) पुत्र हीरामन सोमवार रात गांव के ही चार-पांच लोगों के साथ प्राथमिक विद्यालय के पास बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान बाइक से एक व्यक्ति पहुंचा और वहां बैठकर बियर पीने लगा। उसने मौजूद ग्रामीणों से माचिस और पानी मांगा। थोड़ी देर बाद रामविलास को छोड़कर अन्य लोग वहां से चले गए।
रामविलास अपने मोबाइल पर किसी से बात करने लगा। इसी दौरान हमलावर उसके पास पहुंचा और पीछे से चाकू से उसके गले पर वार दिया। रामविलास ने हमलावर का हाथ पकड़ कर अपना बचाव करने लगा। इस बचाव में रामविलास के हाथ में भी चोट लग गई। रामविलास की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए हमलावर वहां से बाइक लेकर भाग निकला। ग्रामीणों ने पास के आमडीह गांव में एक निजी अस्पताल में रामविलास को भर्ती कराया।
घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी चंद्रशेखर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। मंगलवार की सुबह प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने भी घटनास्थल पर जाकर छानबीन की। इस संबंध में सीओ हर्ष पांडेय ने बताया कि आरोपी हमलावर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। घटना के संबंध में महत्वपूर्ण सूत्र हाथ लगे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।