अनपरा में खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर भक्ति गीतों पर झूमते भक्त। संवाद
अनपरा। नगर के अनपरा बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में शनिवार को श्री श्याम भक्त मंडल अनपरा ने श्याम बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। इस दौरान श्रद्धालु सुबह कथा सुनने के बाद देर रात तक भक्ति गीतों पर झूमते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्याम बाबा के भव्य शृंगार और यजमान विपिन सिंगला एवं उनकी पत्नी के विधि-विधान से पूजा करने के साथ हुआ। इस दौरान बाबा श्याम को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का प्रसाद चढ़ाया। तत्पश्चात कानपुर से आए कथावाचक तरंग मुकेश ने श्याम बाबा की कथा सुनाई। देर शाम कथा के समापन के पश्चात श्री श्याम भक्त मंडल ने बाबा के जन्मोत्सव पर केक काटा, तत्पश्चात संकीर्तन प्रारंभ हुआ। रेणुकूट के गायक कृष्णा शर्मा ने तेरी जय जयकार बाबा तेरी जयकार, पूरा है भरोसा मेरी हार नहीं होगी सांवरे, हारे का सहारा श्याम बाबा हमारा... सहित कई गीत गाए। पंडाल में बैठे भक्त रातभर भक्ति गीतों पर तालियां बजाते रहे। झूमते भक्तों और गायक पर श्री श्याम भक्त मंडल ने फूलों की वर्षा की। भजन के बाद भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान रेखा गोयल, श्वेता बंसल, ऋतु गोयल, पूनम बंसल, ममता जैन, सुमन अग्रवाल, शांता शाह आदि रहे।