राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में टायर चोरी का आरोप लगाते हुए खलासी को खंभे में बांधकर पिटाई का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह से पीड़ित को मुक्त कराया गया। पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज किया।
परिजनों ने तहरीर में बताया कि रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी निवासी उमेश तिवारी कमलेश के ट्रक पर खलासी का काम करता है। कुछ दिनों पूर्व ढाबे पर खाना बनाने-खाने के दौरान ट्रक का टायर चोरी हो गया था।
उमेश के परिजनों का आरोप है कि 19 जुलाई की शाम को ट्रक चालक बबलू उसे घर से बुलाकर ट्रक मालिक के पास ले गया। वहां पहुंचते ही कमलेश ने उससे ट्रक के दो टायरों के विषय में पूछते ही मारना शुरू कर दिया।
बबलू और अन्य लोग भी उसको मिलकर मारने लगे। उसे लोहे के खंभे से बांध दिया गया और डंडे से पिटाई शुरू कर दी। इससे उसके सिर, हाथ, पैरों में गंभीर चोटें आई। उमेश को ढूंढते हुए परिजन मौके पर पहुंचे तो हालत देख सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने पीड़ित को मुक्त कराया। कोतवाल गोपलजी गुप्ता ने बताया कि मामले में ट्रक मालिक कमलेश केशरी, विकास, मिल के मुंशी सहित तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है।