अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान विद्या भारती के काशी प्रांत की ओर से ककरी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में चार वर्गों में आयोजित तीन दिवसीय प्रांतीय ज्ञान-विज्ञान मेले का रविवार को समापन हुआ।
ओवरआल प्रदर्शन के आधार पर प्रयाग के केशव संकुल ने चैंपियन शील्ड हासिल की। मेजबान (सोनभद्र का ऊर्जांचल) संकुल के भी विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन दिखाया। पुरस्कार वितरण समारोह में वर्गवार विजेता-उपजेता संकुलों को शील्ड प्रदान कर, विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि सांसद छोटेलाल खरवार, विशिष्ट अतिथि ककरी जीएम अमरनाथ पांडेय ने मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
छात्राओं ने साथ सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य अशोक उपाध्याय और भारतीय शिक्षा समिति काशी प्रदेश के प्रदेश निरीक्षक विजय उपाध्याय ने ज्ञान-विज्ञान मेले की उपयोगिता पर रोशनी डाली। एक छात्र ने रिमोट के जरिए हवाई जहाज उड़ाने का प्रदर्शन कर सभी को अचंभित कर दिया।
इसके बाद परिणामों की घोषणा की गई। शिशु वर्ग में सुल्तानपुर संकुल विजेता, मेजबान संकुल उपजेता, बाल वर्ग में केशव संकुल विजेता, सुल्तानपुर उपजेता, किशोर वर्ग में केशव संकुल विजेता, सुल्तानपुर उपजेता, तरुण वर्ग में मेजबान संकुल विजेता और केशव संकुल उपजेता रहा।
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने प्रत्येक संकुल के एक आचार और एक विद्यार्थी को मंच पर बुलाकर विजेता/उपजेता शील्ड दी। सांसद छोटेलाल ने मां सरस्वती की स्तुति गाने के साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाया।
कार्यक्रम संयोजन ककरी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य गिरिवरशंकर तिवारी और नीलेश कुमार सिंह ने तथा भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक चिंतामणि सिंह ने आभार ज्ञापित किया।
अध्यक्षता आरजी खंडेलवाल ने तथा संचालन गोपाल तिवारी ने किया। वंदे मातरम् से कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर स्टाफ अधिकारी पीपी सिंह, भाजपा नेता केसी जैन, रेणुकूट नपं अध्यक्ष अनिल सिंह, आरपी गुप्त, पुनीतलाल, अजीत सिंह कंग, अनिल सिंह गौतम, विद्याधर, एनके सिंह, शंभूनाथ सिंह, देवेंद्र शर्मा, रामनवल प्रदीप कालरा, वीपी सिंह, रामनरेश आदि मौजूद रहे।