गाजीपुर/गहमर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर स्थित करहिया हाॅल्ट जल्द ही नए रूप में नजर आएगा। यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करहिया हाल्ट करीब 10 करोड़ रुपये से हाॅल्ट का कायाकल्प कराया जा रहा है। प्लेटफाॅर्म के विस्तारीकरण और उच्चीकरण के साथ फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा।
करहिया हाॅल्ट के प्लेटफाॅर्म संख्या एक और दो की लंबाई करीब 500 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 800 मीटर किया जाएगा। साथ ही प्लेटफाॅर्म को ऊंचा किया जाएगा, ताकि ट्रेनों में चढ़ने-उतरने के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा खत्म हो सके। अब तक प्लेटफार्म छोटा और नीचा होने के कारण यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। कई बार ट्रेन रुकने के बाद कोच प्लेटफार्म से आगे निकल जाने पर हादसे की आशंका बनी रहती थी।
वहीं, प्लेटफाॅर्म एक से दो पर जाने के लिए यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता था, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। इसे देखते हुए करहिया हाॅल्ट पर फुट ओवरब्रिज निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। इसके बनने से यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
करीब एक वर्ष से करहिया हाॅल्ट पर निर्माण कार्य चल रहा है। दानापुर रेलखंड की जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद करहिया हाॅल्ट पर यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिलेगा।