नगर में स्थित कंजड़ बस्ती में गुरुवार को सदर एसडीएम हर्षदेव पांडेय और सीओ सच्चिदानंद की अगुवाई में पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने शराब बनाने के 22 भट्टियों को क्षतिग्रस्त किया। शराब बनाने के आरोप में दो महिला समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 40 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई है। पुलिस कर्मियों ने फावड़े से जमीन के अंदर शराब बनाने के लिए छिपा कर रखे गए करीब 15 कुंतल शराब के लहन को नष्ट कर दिया।
सुबह करीब साढ़े नौ बजे एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में सदर कोतवाल केडी यादव, महिला थानाध्यक्ष जयलाल, कस्बा चौकी प्रभारी संतोष यादव व आबकारी टीम ने छापेमारी शुरू की। फोर्स को देख अवैध शराब का कारोबार करने वाले घर छोड़ कर भागने लगे। लेकिन जवानों ने दौड़ा कर उन्हें दबोचना शुरू कर दिया। महिला पुलिस कर्मियों ने घरों में घुस कर तलाशी लेनी शुरू की तो कुछ महिलाओं ने उनका विरोध शुरू कर दिया। हालांकि फोर्स के कड़ा रुख अख्तियार करने पर वे शांत हो गई।
जवानों ने शराब बनाने के लिए धधक रही भट्टियों को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही जमीन के अंदर खोद कर शराब बनाने के लिए रखे गए लहन को बाहर निकाल कर नष्ट कर दिया। घंटे भर चले छापेमारी से बस्ती में अफरा-तफरी मची रही। चौकी इंचार्ज संतोष यादव ने बताया कि पकड़े गए राबटर्सगंज निवासी प्रवेश कुमार, विनोद, जनक, महेंद्र, अंजू, सुमित्रा, बच्चा, विनोद कुमार और मनोज को अवैध शराब बनाने के आरोप में पकड़ गया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों का संबंधित धारा में चालान कर दिया गया।