जिले में 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में शिक्षक समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों को निजी अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहला मामला वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा के समीप का है। बुधवार की सुबह 7:30 बजे एनसीएल कालोनी बीना निवासी शिक्षक सैयद मुहम्मद अयूब (26) पुत्र सैयद मुहम्मद गुलाम अपनी स्कार्पियों से चोपन केंद्रीय विद्यालय जा रहे थे। तेलगुड़वा के समीप पहुंचे थे कि अनियंत्रित होकर स्कार्पियो 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सैयद मुहम्मद अयूब को गंभीर चोटें आई और स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंचे डाला चौकी प्रभारी बृजनाथ यादव ने पुलिस कर्मियों की मदद से उन्हें बाहर निकाला और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
दूसरी घटना बभनी थाना क्षेत्र के भारत पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की रात करीब दो बजे हुई। रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर अंबिकापुर से इलाहाबाद मिर्चा लेकर जा रही पिकअप खड़ी ट्रक से जा भिड़ी। इस दौरान वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक नूर मुहम्मद बाल-बाल बच गया। घटना की वजह सामने से रोडवेज बस के आने से सामने खड़े ट्रक का न दिखना बताया जा रहा।
तीसरी घटना वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चोपन थाना क्षेत्र के ओवरी गांव के समीप की है। बुधवार को दोपहर बाद 1:15 बजे राबर्ट्सगंज से चोपन की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप के धक्के से सड़क पार करते समय राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रौप गांव निवासी अमरदीप शर्मा(26) गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्मी हाल में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर भाग रही पिकअप को चोपन पुलिस ने पकड़ लिया और चालक के खिलाफ कार्रवाई की।