सोनभद्र। यूपी सरकार ने कच्ची गली मुक्त ग्राम अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत जिले की ग्राम पंचायतों में आंतरिक गलियों को शत-प्रतिशत खड़ंजा, सीसी, इंटरलॉकिंग आदि से पक्का किया जाएगा। यह अभियान 25 जुलाई से 26 जनवरी 2021 तक चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक ग्राम का आंतरिक गलियों को पक्का कर संतृप्त करना है। पक्का करने के बाद अवशेष खराब, क्षतिग्रस्त खड़ंजा मार्गो की मरम्मत होनी शेष होगी। जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति के प्रस्ताव में कच्ची गली मुक्त ग्राम अभियान को पूर्ण करने के लिए कार्यवाही की जा रही है।
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने बताया कि सभी ग्राम सचिव को 30 जून तक राजस्व ग्राम वार कच्ची गलियों की स्थल व माप का सर्वे करना होगा। एडीओ पंचायत इसकी सूचना संकलित कर डीपीआरओ को देंगे। ग्राम पंचायत के सदस्यों की बैठक में कच्ची गलियों को पक्का कराने के कार्य का प्रस्ताव कराते हुए राजस्व ग्राम की प्राथमिकता निर्धारित की जाएगी। सीडीओ 67 न्याय पंचायत में नोडल अधिकारी व तकनीकी अधिकारी, अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत को नामित कर अभियान का पर्यवेक्षण व क्रियान्यवन सुनिश्चित करेंगे।