सोनभद्र। सामान्य प्रेक्षक जी. जया लक्ष्मी ने राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज में मतदान व मतगणना कार्मिक और माइक्रो आब्जर्वर के विशेष प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। कार्यशाला में उन्हें निष्पक्ष मतदान व मतगणना कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिक, मतगणना कार्मिक, माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती संवदेनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर की गई है। सभी माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान रवानगी के दिन राजकीय पाॅलीटेक्निक कॉलेज पर सुबह 8 बजे पहुंच कर अपनी डिकोडिंग करा लें ताकि उन्हें पता चल सके किस मतदान केंद्र और बूथ पर उनकी ड्यूटी है। मतदान समाप्ति के दिन शाम को सभी माइक्रो आब्जर्वर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर सामान्य प्रेक्षक को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने यह भी बताया कि रवानगी के दिन सुबह उन्हें मैसेज के माध्यम से विधानसभा और पोलिंग स्टेशन की भी जानकारी हो जाएगी। पोलिंग स्टेशन पर किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल प्रेक्षक को दें। जनपद में निष्पक्ष एवं पारदर्शिता पूर्ण निर्वाचन सम्पन्न कराने में अपना विशेष योगदान दें। सीडीओ सौरभ गंगवार ने कहा कि सभी माइक्रो आब्जर्वर तत्पर रहकर चुनाव सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करें। प्रशिक्षण में 04 कक्षों में प्रोजेक्टर के माध्यम से माइक्रो आब्जर्वर, मतदान कार्मिक व मतगणना कार्मिक के कार्य और दायित्व के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में कुल 20 कार्मिक बिना सूचना के अनुपस्थित रहे।