राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन, शाखा सोनभद्र के बैनर तले बुधवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष अवर अभियंताओं ने धरना प्रदर्शन किया।
संगठन के दर्जनों सदस्यों ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन कर अधीक्षण अभियंता की ओर से किए गए स्थानांतरण को मनमाना बताते हुए तत्काल निरस्त कर नियमानुसार तबादले की मांग की।
धरने पर बैठे अभियंताओं का कहना था कि विगत दो माह से पूरे जनपद के अवर अभियंताओं एवं प्रोन्नत अभियंताओं का वेतन रोका गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
संगठन ने 26 जुलाई को अधीक्षण अभियंता को एक पत्र देकर स्थानांतरण नियमों के तहत कराने की मांग की थी, लेकिन न तो कोई कार्रवाई की गई, न ही संगठन को वार्ता के लिए बुलाया गया और न ही कोई आश्वासन दिया गया।
संगठन ने चेतावनी दी कि अगर जल्द उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में कमलेश कुमार बिंद, धर्मेन्द्र कुमार सिंह, कमला सिंह, अरुण पाल, अनिल कुमार सिंह, महेश कुमार, राजेंद्र प्रसाद, राजेन्द्र बिंद, अमितानंद त्रिपाठी, सुमित श्रीवास्तव, अरविंद कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।