विंढमगंज, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जोरुखाड़ के घसिया बस्ती में मंगलवार को दो वर्षीय मासूम की कुएं में गिरने से मौत हो गई। खेलने के दौरान वह पास में स्थित कुएं में गिर गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। गांव निवासी देवचरन सिंह का पुत्र गामा (2) अपने घर के पास बच्चों के साथ खेल रहा था। खेल-खेल में ही अचानक पैर फिसल गया और वह पास में बने एक कुएं में गिर गया।
कुएं में गिरने से बच्चे को गंभीर चोटें आईं। उसने काफी मात्रा में कुएं का पानी भी पी लिया, इससे हालत नाजुक हो गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे दुद्धी सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने गांव में खुले कुओं को ढकने और सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।