एनटीपीसी में ट्राफी के साथ अंतरक्षेत्रीय बैडमिंटन की विजेता टीम।
- फोटो : SONBHADRA
एनसीएल के निगाही क्षेत्र में चार दिवसीय अंतरक्षेत्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में ओपेन, वेटरन व सुपर वेटरन श्रेणियों में मैच खेले गए। इस वर्ष महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें कंपनी की विभिन्न परियोजना एवं इकाइयों की महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह पर महाप्रबंधक (निगाही) हरीश दुहान बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। श्री दुहान ने सभी विजेता, उप-विजेता व प्रतिभागी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। प्रतियोगिता के दौरान पुरुष वर्ग में 13 टीमों ने और महिला वर्ग में नौ टीमों ने भाग लिया। पुरुष एकल प्रतियोगिता में जयंत से मनीष विश्वकर्मा ने बाजी मारी और दुद्धीचुआ से एस. थापा रनर अप रहे। वहीं पुरुष डबल्स में विपिन कालरा (सीडबल्यूएस) व मुख्यालय से डीएन तिवारी की टीम ने बाजी मारी। महिला एकल प्रतियोगिता में मुख्यालय से मोनोदीपा डे विजेता रहीं व जयंत से निकिताशू रनर अप रहीं। महिला डबल्स में मुख्यालय से अनीता ओझा व मोनोदीपा डे की टीम ने बाजी मारी। 45 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मियों के वेटरन एकल में दुद्धीचुआ से एसके वर्मा ने खिताब जीता व मुख्यालय से अमित दास रनर अप रहे। वहीं वेटरन डबल्स में दुद्धीचुआ से राजीव चोपड़ा व जयंत से डीबी शेट्टी की टीम ने बाजी मारी। 55 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मियों के वेटरन एकल में दुद्धीचुआ से बिसन सिंह व ब्लॉक बी के आरके सिंह की टीम विजेता बनी। चैंपियनशिप में जयंत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं दुद्धीचुआ की टीम रनर अप रही। इस दौरान पीके सिंह, आरसी प्रसाद, बीएस बिष्ट, सर्वेश सिंह डीपी दुबे, विजय कुमार, सुधीर कुमार नेगी आदि रहे।