यूपी के प्रमुख सचिव समाज कल्याण सुनील कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पेंशन प्राप्त कर रहे लोगों के खाते जन-धन योजना से जोड़ने का निर्देश अधिकारियों को दिया। शासन की योजनाओं का पारदर्शी ढंग से क्रियान्वयन और आम लोगों को उसका लाभ दिलाने का भी निर्देश दिया। राबर्ट्सगंज के आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश भी दिए।
समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सोशल सेक्टर की योजनाओं का फायदा पात्राें को हर हाल में मुहैया कराया जाए। किसी भी हाल में अपात्रों का चयन न हो और पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। स्कूलों में बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन व जन स्वास्थ्य सेवाओं पर खास ध्यान दिया जाए।
कहा कि अधिकारी पेंशन प्राप्त कर रहे पात्र व्यक्तियों के खातों को जन धन योजना से जोड़े जाने के लिए सहमति प्राप्त कर लें, जिससे सभी खाता धारकों को एक लाख रुपये बीमा के साथ ही पांच हजार रुपये ओवर ड्राफ्ट का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि खातों को आधार से जोड़ा जाए। बताया कि विभिन्न प्रकार की मिलने वाली पेंशनों के त्रैमासिक भुगतान का व्यापक प्रचार-प्रचार गांव स्तर पर कराया जाए।
उन्होंने कहा कि बैंक खातों के रिकार्ड को सही कराते हुए इनवैलिड बैंक एकाउंट को ठीक कराएं। उप जिलाधिकारी अब पारिवारिक लाभ योजना के आवेदनों की संस्तुति शासनादेशानुसार डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से करें। उन्होंने वनाधिकार अधिनियम-2006 के तहत जिले में धारा-तीन व धारा-चार के तहत आवंटित पट्टों की सूची तलब की।
उन्होंने कहा कि जिले के चारों आश्रम पद्धति विद्यालयों को बेहतर तरीके से संचालित कराया जाए। समीक्षा बैठक में सीडीओ महेंद्र सिंह, एडीएम रामचंद, एसडीएम हर्षदेव पांडेय, उप निदेशक समाज कल्याण योगेश राय, समाज कल्याण अधिकारी पीके सिंह मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय राबर्ट्सगंज का निरीक्षण किया। पाया कि परिसर के आसपास झाड़-पात है और शुद्ध पेयजल की स्थायी व्यवस्था भी नहीं है।
स्कूल के पानी के निकास की भी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने छत की टूटी फर्श को ठीक कराने, मटमैले व गंदे भवन की रंगाई-पोताई कराने, शुद्ध पेयजल के लिए जल निगम से समन्वय स्थापित कर समाधान कराने, टूट आलमारी को ठीक कराने, इंडोर गेम की व्यवस्था के लिए परिसर के प्रांगण में ही बैडमिंटन कोर्ट स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बिजली की व्यवस्था ठीक करने और एलईडी बल्ब लगाए जाने का निर्देश दिए। स्कूल में पढ़ रही बच्चियों के रहन-सहन, खान-पान, ड्रेस, किताब, कापी की उपलब्धता व पढ़ाई के गुणवत्ता के बारे में जानकारी करते हुए व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिये। उन्होंने किचन के निरीक्षण के दौरान कहा कि लकड़ी के बजाय गैस पर खाना बनवाया जाए।