नेमना में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते उपायुक्त ग्राम्य विकास एके जैन।( दाएं से दूसरे)
परिक्षेत्र के लोहिया गांव नेमना गांव में बुधवार को लगी चौपाल में लखनऊ से आए उपायुक्त ग्राम्य विकास एके जैन के तेवर तल्ख रहे। हैंडपंपों के बेकार पड़े होने की शिकायत पर जल निगम के जेई दीप गुप्ता को कड़ी फटकार लगाई। गर्भवती महिलाओं के पुष्टाहार देने में लापरवाही पर सीडीपीओ बाबूलाल को कार्रवाई की चेतावनी दी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में खामी पर पूर्ति विभाग से और समथरहवा टोला प्राथमिक विद्यालय से शिक्षिका के नदारद रहने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग से जांच करवा कार्रवाई का भरोसा दिया।
नेमना में विकास और जनकल्याण कार्यक्रमों की जांच करने पहुंचे एके गुप्ता ने ग्रामीणों से समस्या बताने का अनुरोध किया तो शिकायतों की बौछार शुरू हो गई। ग्रामीणों ने गांव का अधिकांश हैंडपंप खराब होने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने जल निगम के जेई दीपचंद गुप्ता को तलब कर लिया। दीपचंद ने कहा कि अभी उन्हें यहां चार्ज लिए चार दिन ही हुए हैं। चार्ज के तत्काल बाद अपने इलाके की स्थिति की जानकारी न लेने पर फटकार लगाते हुए जल्द हैंडपंप की मरम्मत करवा, रिपोर्ट भेजवाने का निर्देश दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित पुष्टाहार वितरण सहित अन्य कार्यक्रमों का पारदर्शिता पूर्ण क्रियान्वयन को कहा। उचित दर दुकान से सामग्री वितरण में गड़बड़ी की शिकायत पर कोटेदार को डांटा। लोहिया आवास, बंधी निर्माण, समतलीकरण कार्य का निरीक्षण किया। आवास के लाभार्थियों को 95 दिन की मजदूरी देने की हिदायत दी। बीडीओ म्योरपुर आशाराम पटेल, एडीओ पंचायत, प्रेमनाथ चौबे, सेक्रेट्री शैलेंद्र सिंह, अरुण आदि रहे।