कोन ब्लॉक के कचनरवा स्थित इंडियन बैंक की शाखा में गत शुक्रवार को केवाईसी कराने गए वृद्ध रम्मन की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत मामले की जांच शुरू हो गई है। डीएम बीएन सिंह के निर्देश पर लीड बैंक प्रबंधक ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट संबंधित शाखा प्रबंधक से तलब की है।
कचनरवा निवासी रम्मन (65) पेंशन की राशि के लिए गत शुक्रवार को केवाईसी कराने बैंक शाखा में गए थे। बताते हैं कि इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बैंक कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
पुत्र जवाहिर का आरोप है कि उसके पिता केवाईसी कराने के लिए चार दिनों से बैंक का चक्कर लगा रहे थे, लेकिन कभी सर्वर डाउन तो कभी भीड़ की वजह से उन्हें वापस घर भेज दिया जा रहा था। कोन पुलिस ने आरोपों की जांच के लिए बैंक के सीसीटीवी के फुटेज को मांगा है।
वहीं बैंक कर्मियों का कहना है कि घटना के पहले वृद्ध रम्मन का केवाईसी कर दिया गया था। बाहर निकलते समय तबीयत बिगड़ी थी, जिस पर हरसंभव मदद भी की गई थी। इस संबंध में एलडीएम सलन बागे का कहना है कि डीएम के निर्देश पर मामले की जांच कराई जा रही है। शाखा प्रबंधक से घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की गई है। जांच के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट होगी।