सोनभद्र। संदिग्ध हाल में विवाहिता की हुई मौत की जांच करने सोमवार की रात दिल्ली से राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम राबर्ट्सगंज पहुंची। मंगलवार को टीम ने सदर कोतवाली में पहुंच कर देहज हत्या केस के मामले में जानकारी ली। बुधवार को टीम पूर्व कोतवाल समेत अन्य लोगों का बयान दर्ज करेगी।
पुलिस के मुताबिक कुछ माह पूर्व राबर्ट्सगंज के न्यू कालोनी में संदिग्ध हाल में एक विवाहिता की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी, पति और सास को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि विवेचना के दौरान दो लोगों को निर्दोष बताते हुए उनका नाम निकाल दिया गया। इसकी शिकायत केस दर्ज कराने वालों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से की है। सोमवार की रात आयोग की दो सदस्यीय टीम राबर्ट्सगंज पहुंच कर प्रकरण की जांच करने में जुट गई। सूत्रों का कहना है कि टीम में शामिल लोग इस मामले में नामजद दोनों आरोपियों को किस साक्ष्य के आधार पर क्लीनचिट दी गई, इसके बारे में पता कर रहे हैं। टीम शहर के पूर्व कोतवाल व वर्तमान में घोरावल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सीपी पांडेय समेत अन्य लोगों से इस मामले में पूछताछ कर सकती है। टीम ने घटनास्थल पर भी जाकर लोगों से पूछताछ की।