सोनभद्र। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को सघन टीकाकरण अभियान से जोड़ने के लिए आज से मिशन इंद्रधनुष अभियान की शुरूआत होगी। पहले यह मिशन इंद्रधनुष 4.0 अभियान सात मार्च से चलाया जाना था। मगर जिले में विधानसभा चुनाव के कारण इसकी शुरूआत एक दिन बाद हो रही है। इस अभियान तीन चरणों में चलाया जायेगा। इसके तहत गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. गिरधारी लाल के अनुसार मंगलवार से सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 अभियान का प्रथम फेज शुरू होगा। वहीं दूसरा चरण चार अप्रैल और तीसरा व अंतिम चरण दो मई से चलेगा। अभियान के तहत गर्भवतियों व दो वर्ष तक की आयु के छूटे बच्चों टीकाकरण होगा। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य उन सभी का टीकाकरण करना है, जो किसी कारण वश छूट गए हैं। अभियान में गर्भवती माताओं को टीटी सहित अन्य टिके लगेंगे। इसके अलावा बच्चों को बीसीजी, ओपीबी, पेंटावाइलेंट, रोटा वायरस का टीका, आईपीबी व एमआर के टीके लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की टीम 24, 25 और 26 फरवरी को सर्वे कर लोगों को चयनित किया गया था। टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली है। स्वास्थ्य कर्मियों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।