विगत माह ओबरा कोतवाली क्षेत्र के बिल्ली गांव में पिता के हमले से गंभीर रूप से घायल पुत्र की रविवार की सुबह मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पिता पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। झगड़े के दौरान शराब के नशे में धुत पिता रामजी प्रसाद ने अपने ही बेटे विनय पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया था। हमले में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद से ही घायल पुत्र का इलाज ट्रामा सेंटर वाराणसी में चल रहा था। करीब एक माह तक इलाज होने के बाद दो दिन पहले ही परिजन विनय को घर वापस ले आए थे। रविवार सुबह विनय की मौत हो गई। विनय की मौत की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद मृतक के पिता रामजी प्रसाद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।