थाना क्षेत्र के कुलडोमरी गांव में तीन वर्षीय मासूम की बंधी में डूबने से मौत हो गई। वह पड़ोस के युवकों के पीछे-पीछे बंधी तक पहुंचा था। पैर फिसलने से बंधी के अंदर चला गया। घंटों बाद बंधी से शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
कुलडोमरी गांव के अमहवां के कुछ युवक बंधी पर नहाने के लिए गए थे। उन्हीं के पड़ोस में रहने वाले सुरेश का तीन वर्षीय पुत्र अंकित भी युवकों के पीछे-पीछे चला गया। किसी की उस पर नजर नहीं पड़ी। युवक नहाने के बाद घर लौट गए। काफी देर बाद भी मासूम का पता न चलने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ढूंढ़ते हुए वह बंधी के पास पहुंचे तो अंदर बच्चे का शव देख सन्न रह गए। परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।