सोनभद्र। यूपी के पंचायत राज विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) मनोज कुमार सिंह ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले के पंचायत राज विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सामुदायिक शौचालय, सोकपिट गड्ढे, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन आदि के निर्माण के बारे में बारी-बारी से जानकारी ली।
नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों का डोंगल जल्द बनवाने का निर्देश दिया ताकि ग्राम पंचायतों का विकास कार्य और भुगतान हो सके। उन्होंने ग्राम पंचायतों में शुरू कराए गए कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। एसीएस ने ब्लॉक वार सोकपिट गड्ढे बनाने समेत अन्य कार्यों के प्रगति की जानकारी ली। इसी के साथ निर्देश दिया कि सचिवों और ग्राम प्रधानों को सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन आदि का भी निर्माण जल्द पूर्ण कराने के लिए चेतावनी जारी की जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि एसीएस ने सभी निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि सभी सचिवों से प्रतिदिन के प्रगति की रिपोर्ट तलब की जा रही है। अगर सचिव जून तक पूरा कार्य नहीं कराते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।