मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर से गुरुवार को उत्तर प्रदेश मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के बैनर तले स्वास्थ्य कर्मियों ने जुलूस निकाला। मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने कहा हक की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ी जाएगी।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सीएमओ कार्यालय से कर्मचारियों ने जुलूस निकाल कर नगर में भ्रमण किया। विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए जुलूस सीएमओ कार्यालय पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। यहां शशिकला शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को पूर्ण करने में हीलाहवाली की जा रही है।
इसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष सरजू राम और महामंत्री धर्मेश कुमार ने कहा कि संगठन कर्मचारियों को उनका हक दिलाने के लिए सदैव तत्पर है। चेतावनी देते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं की गई तो संगठन के आह्वान पर पूरे प्रदेश में कर्मचारी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर वंदना मौर्य, जरीना खानम, अलगू राम, शिवपूजन श्रीवास्तव, अमरेश कुमार आदि मौजूद रहे।