प्रयागराज में अच्छे लोकेशन पर प्लाॅट दिलाने के नाम पर वर्ष 2023 में की गई तीन लाख की ठगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी प्रयागराज की स्क्वायर रियलटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक फर्म के संचालक है। पिछले माह शिक्षिका ने पुलिस लाइन जाकर एसपी अभिषेक वर्मा से गुहार लगाई थी। आरोप लगाया था कि उसके शिक्षक पति को झांसे में लेकर एडवांस में तीन लाख रुपये ले लिए गए थे। कुछ समय बाद संबंधित प्लाॅट का बैनामा करवा देने का वायदा किया गया था। वर्ष 2024 में एक हादसे में उनके पति की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दिया। मामले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मिर्जापुर जिले के बसेवरा कला-खैरा, थाना जिगना की रहने वाली संज्ञा त्रिपाठी ने दी तहरीर में बताया है कि वह प्राइमरी पाठशाला ढोढ़री चतरा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। उसके पति ब्योमकेश कुमार द्विवेदी भी शिक्षक थे, जिनकी 12 मार्च 2024 को नदी में स्नान करते समय मौत हो गई थी। वर्तमान में वह न्यू कालोनी स्थित पिता अमरेश त्रिपाठी के मकान में रह रही है। वर्ष 2023 में उसके पति प्रयागराज के कोरांव क्षेत्र में कार्यरत थे। उसी दौरान उनके परिचय के आधार पर स्क्वायर रियलटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक फर्म के जरिये जमीन की प्लाटिंग करने वाले मधुकर मिश्र और चंदन सिह निवासी सिविल लाइंस प्रयागराज न्यू काॅलोनी स्थित उनके निवास स्थान पर आए। कहा कि वह लोग जमीन के क्रय-विक्रय का काम करते हैं। अपनी कंपनी और उसके जरिये की जा रही प्लाटिंग के बारे में जानकारी दी। 15 अक्तूबर 2023 को दोबारा आए और बताया कि प्रयागराज में अच्छे लोकेशन पर दो प्लॉट महज 20 लाख में उपलब्ध हो जाएंगे। तीन लाख एडवांस में मांगे गए। शेष रकम बैनामा के समय उपलब्ध कराने की बात तय हुई। बातचीत के आधार पर उसके पति के इलाहाबाद बैंक की शाखा कोरांव स्थित एकाउंट से तीन बार में आरोपियों के ख्राते में तीन लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद बैनामा के नाम पर आरोपियों ने हीलाहवाली शुरू कर दी। इस बीच एक दुर्घटना में उसके पति की मौत हो गई। इसका फायदा उठाकर आरोपियों ने जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में बैनामा या रुपये लौटाने की बात से इन्कार कर दिया। प्रकरण में पीड़िता गत 18 फरवरी को पुलिस लाइन पहुंची और वहां एसपी से मदद की गुहार लगाई। एसपी ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के मुताबिक मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।