फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: सामूहिक विवाह में 15 जोड़ों को थमा दिए पांच की जगह तीन लीटर के कुकर

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र/घोरावल/चोपन। सामूहिक विवाह समारोह में गड़बड़ियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले साल चांदी की जगह गिलट का पायल देने पर हंगामा हुआ तो इस बार 15 जोड़ों को पांच की जगह तीन लीटर का कुकर थमा दिया गया। हालांकि जानकारी होते ही अफसरों ने तत्काल उसे बदलवा दिया। शुक्रवार को जिले की चार तहसीलाें में कुल 648 जोड़ों का विवाह हुआ। पांच मुस्लिम जोड़ों ने निकाह कबूल किया। सभी स्थानों पर कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, सांसद नहीं पहुंचे।
विज्ञापन

उरमौरा स्थित डायट परिसर में रॉबर्ट्सगंज तहसील के तीन ब्लॉकों के कुल 148 जोड़े पहुंचे। इसमें एक मुस्लिम जोड़ा भी शामिल रहा। यहां 16 आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू जोड़ों की शादी कराई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक भूपेश चौबे को आना था। उनके लखनऊ जाने के कारण चतरा बीडीओ ने कन्यादान कर सामूहिक विवाह संपन्न कराया। डीएम बद्रीनाथ सिंह, सीडीओ जागृति अवस्थी, सीएमओ डॉ.अश्वनी कुमार सहित अन्य अफसरों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। घोरावल विधानसभा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय केवली मयदेवली परिसर में हुए कार्यक्रम में 183 जोड़े एक-दूसरे के हुए। यहां 182 हिंदू जोड़े थे। मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र कुमार मौर्य और विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख दीपक सिंह पटेल मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील चौबे, ग्राम प्रधान गोविंद सिंह, छोटू पटेल, करमा बीडीओ सूरज मौर्य, एडीओ पंचायत रामचरण कुशवाहा, एडीओ अनुज कुमार त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे। ओबरा तहसील क्षेत्र का सामूहिक विवाह चोपन में हुआ। यहां 63 जोड़ों की शादी कराई गई। बीडीओ शुभम बरनवाल और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव त्रिपाठी कार्यक्रम की व्यवस्था में जुटे रहे।
-

चार तहसीलों से सामान्य वर्ग के सिर्फ पांच जोड़े
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में हुए सामूहिक विवाह में सामान्य वर्ग के पांच जोड़ों की शादी हुई। इसमें दो रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक, दुद्धी, म्योरपुर और बभनी ब्लॉक से एक-एक सामान्य जोड़े ने सामूहिक विवाह में सात फेरे लिए। सबसे अधिक एससी वर्ग के 360, एसटी वर्ग के 194 और ओबीसी वर्ग के 89 जोड़ों की शादी हुई।
विज्ञापन

-

15 जोड़ों को मिला तीन लीटर का कुकर, बदला गया
दुद्धी। भाऊराव देवरस पीजी कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 259 जोड़े एक-दूजे के हुए। यहां 256 जोड़ों की हिंदू रीति रिवाज के साथ विवाह कराया गया। तीन मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। विवाह के दौरान 15 जोड़ों के घरवालों ने पांच लीटर की जगह तीन लीटर का कुकर मिलने की शिकायत की। हालांकि इसकी जानकारी होने पर तत्काल कुकर बदल दिया गया। यहां व्यवस्था में जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव समेत दुद्धी, बभनी और म्योरपुर के ब्लॉक स्तर अधिकारी लगे रहे।
-

सभी को बांटा गया शुभ शगुन किट

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में शामिल सभी 653 जोड़ों को 19 तरह का सामान दिया गया। इसमें दो साड़ी, तीन ब्लाउज, दो पेटीकोट, एक चुनरी, पैंट व शर्ट का कपड़ा, पगड़ी, गमछा, चांदी की पायल व बिछिया, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, तकिया, गद्दा, बेडशीट, टेबल फैन शामिल है। जिला स्वास्थ्य समिति की तरफ से शुभ शगुन किट उपलब्ध कराई गई इसमें रूमाल, शीशा-कंघी, गर्भ निरोधन गोली आदि सामान था।

समाज कल्याण से अप्रूवल न मिलने से भटकते रहे जोड़े



म्योरपुर। विकास खंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आवेदन करने वाले जोड़े शुक्रवार को इधर-उधर भटकते रहे। ग्राम पंचायत स्तर से आवेदन करने के बावजूद समाज कल्याण विभाग से अप्रूवल न मिलने के बाद जोड़ों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। बिना विवाह के ही विवाह स्थल से तमाम जोड़ों को घर लौटना पड़ा। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें