चुर्क पुलिस चौकी क्षेत्र के वीरबल गांव के मृतक- चुन्नू(फाइल फोटो)स्रोत परिजन
चुर्क। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़री खुर्द के बीरबल टोला में रविवार को मामूली विवाद में बड़े भाई ने चुन्नू (48) की लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी। उसका अपने भाई से पोखरे के भीटे पर भूसा रखने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी भाई और उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बीरबल टोला निवासी चुन्नू चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। सुबह बारिश के दौरान वह घर के सामने स्थित पोखरे के भीटे पर पशुओं के लिए भूसा सुरक्षित रख रहा था। इसी दौरान उसका बड़े भाई मुन्ना से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी बीच बड़े भाई और भतीजाें ने लाठी डंडे से उस पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से चुन्नू अचेत हो गया।
आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर रॉबर्ट्सगंज कोतवाल गोपालजी गुप्ता, चुर्क चौकी इंचार्ज विनोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे।
परिजनों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने बताया कि भूसा रखने को लेकर दो भाइयों में विवाद हुआ था। मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की मौत हो गई है।
उसकी पत्नी पन्ना देवी की तहरीर पर आरोपी मुन्ना, उसके बेटे बबलू और अजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।