हिंडाल्को के ग्रामीण विकास विभाग कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को रेणुसागर परियोजना के आसपास के इलाकों के किसानों में सब्जी के बीज का वितरण किया गया। गरबंधा और परासी की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी बीज का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि थाना प्रभारी भैया एसपी सिंह रहे।
उन्होंने 10 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं व सीमांत किसानों को पालक, मूली, धनिया, टमाटर, बैगन, पत्ता गोभी, फूल गोभी व गाजर के उन्नत किस्म के बीज वितरित किए। वितरण के बाद उन्होंने महिलाओं के कार्यों की प्रशंसा की। मौजूद महिलाओं ने बताया कि सब्जी उत्पादन कर बाजार में बेचकर रोजाना तीन-चार सौ रुपये की बचत हो जाती है।
ग्रामीण विकास के प्रभारी अनिल झा ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से यह बीज वितरण कार्यक्रम अनपरा, बिछरी, मकरा, रणहोर, लोझरा, खजुरा, कोहरौल गांव में भी किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें किसान मित्रों के माध्यम से उत्पादन संबंधी, मिट्टी संबंधी व उर्वरा शक्ति बढ़ाने वाले पोषक तत्वों की जानकारी भी दी जाएगी।