सोनभद्र। कोविड-19 के चलते शुक्रवार को रात 10 बजे से शुरू हुए संपूर्ण बंदी के दौरान शनिवार को शहर में सन्नाटा पसरा रहा। राबर्ट्सगंज के धर्मशाला चौक, उत्तर मोहाल उरमौरा समेत अन्य जगहों पर ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों ने घर से बिना किसी काम के बाहर निकलने वालों को खदेड़ दिया। बस स्टैंड, मंडी समिति परिसर में भी सन्नाटा दिखा। हालांकि ग्रामीण इलाकों में किसान अपने खेतों में काम करते दिखे। जरूरत के सामानों से जुड़ी दुकानें खुली रहीं। उधर, जिले के नोडल अधिकारी बनाए गए अपर मुख्य सचिव रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग रमा रमण ने सुबह मधुपुर स्थित कोविड केयर सेंटर में पहुंच कर कोरोना संक्रमित मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
डीएम एस. राजलिंगम और एसपी आशीष श्रीवास्तव राबर्ट्सगंज समेत अन्य इलाकों में भ्रमण कर बंदी का जायजा लेते रहे। दोनों अधिकारियों ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को बेवजह घरों से निकललने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आने का निर्देश दिया। एसडीएम यमुना धर चौहान, सीओ राजकुमार त्रिपाठी ने दमकल कर्मियों से बढ़ौली चौक समेत अन्य स्थानों को सैनिटाइज करवाया। बंदी के चलते पुलिसकर्मी दो व चार पहिया वाहनों को रोक कर सवार लोगों से पूछताछ करने के बाद ही छोड़ रहे थे। पुलिसकर्मी जो लोग मास्क नहीं पहने थे, उनसे सख्ती से पेश आ रहे थे। उधर, कोतवाल अंजनी कुमार राय ने उरमौरा, लोढ़ी समेत अन्य गांवों में बेवजह घरों के बाहर घूम रहे कई लोगों को पकड़ने के लिए दौड़ाया, लेकिन लोग भाग गए। पुलिसकर्मियों ने घरों से बाहर जरूरी काम से निकलने वालों को ही जाने दिया। राबर्ट्सगंज चौकी इंचार्ज योगेेंद्र कुमार सिंह ने भी धर्मशाला चौक, चंडी तिराहा, उत्तर मोहाल में बिना काम के घरों से निकलने वालों को खदेड़ा।
घोरावल प्रतिनिधि के अनुसार दो दिन तक घोषित बंदी के दौरान घोरावल नगर एवं आसपास के इलाकों में सन्नाटा रहा। इस दौरान घोरावल नगर में दुकानें बंद रहीं। घोरावल नगर के मेन तिराहा, पुरानी, बाजार, मुक्खा मोड़, राबर्ट्सगंज मार्ग, शिवद्वार मार्ग, गुरूवल मार्ग समेत संपूर्ण नगर में बंदी का असर देखने को मिला। इसके अलावा फुलवारी, शिवद्वार, सिरसाई, खरुआंव, घुवास, सतद्वारी, गुरूवल, ओदार इत्यादि चट्टी चौराहे पर भी दुकानें बंद रहीं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीओ रामआशीष यादव, प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, घोरावल चौकी प्रभारी दूधनाथ द्विवेदी, शिवद्वार चौकी प्रभारी राजेश सिंह पुलिस फोर्स के साथ सुबह से लेकर देर शाम तक नगर व ग्रामीण इलाकों में चक्रमण करते रहे। उधर, रामगढ़, शाहगंज, चोपन, मधुपुर समेत अन्य बाजारों में भी दुकानें बंद रही।