राबर्ट्सगंज में विद्युत झालरबत्ती की खरीदारी करते लोग।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल करने का आह्वान किया है। बाजार में इसका असर दिखने लगा है। लोग स्वदेशी झालर, सजावटी सामान, मोमबत्ती और इलेक्ट्रानिक्स सामान की खरीदारी कर रहे हैं जिससे स्वदेशी उत्पादों की मांग बढ़ी है। व्यवसायी भी चीनी उत्पाद नहीं मंगा रहे हैं। पहले से जो स्टाक बचा है वही बेचा जा रहा है लेकिन उसके भी खरीदार कम मिल रहे हैं। ऐसे में इस बार देशी उत्पादों का बेहतर कारोबार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
राबर्ट्सगंज में इलेक्ट्रानिक्स सामान के व्यवसायी विवेक मिश्रा और भरत केशरी ने बताया कि इस साल चीनी उत्पादों के बहिष्कार से बाजार में देशी झालर एवं सजावटी सामान की बिक्री बढ़ी है। पिछले साल तक दीपावली पर चीनी लाइट और मोमबत्ती की मांग अधिक होती थी लेकिन अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में चीन के साथ तनातनी को देखते हुए चीनी उत्पादों के बहिष्कार को लेकर चली जागरूकता मुहिम से लोग स्वदेशी उत्पाद ही खरीद रहे हैं। बताया कि 90 प्रतिशत लोग देशी सामान खरीद रहे हैं और सिर्फ 10 प्रतिशत लोग ही चीनी उत्पाद ले रहे हैं। पिछले साल 90 फीसदी चीनी झालर, लाइट और बल्ब बिके थे। राबर्ट्सगंज बाजार में ठेला लगाकर झालर सहित अन्य सामान बेचने वाले विकास कुमार तथा मुन्ना अंसारी ने कहा कि ग्राहकों की मांग पर व्यापारी देशी उत्पादों का आर्डर अधिक दे रहे हैं। जिनके पास पहले से चीनी उत्पाद मौजूद है वे ही इसे बेच रहे हैं। व्यवसायी चीनी निर्मित उत्पाद नहीं मंगा रहे हैं। बाजार में देशी उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ी है।