सीएमओ कार्यालय में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मौजूद लोग। - स्रोत विभाग
सोनभद्र। सीएमओ कार्यालय स्थित सभागार में बृहस्पतिवार को जिला स्वास्थ्य समिति (कार्यकारी समिति ईसी) की बैठक हुई। अध्यक्षता कर रहे सीएमओ डा. पंकज कुमार राय ने राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा की। कहा कि जननी सुरक्षा योजना से जुड़ी जानकारियां तत्काल पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएं।
ताकि बजट मिलते ही लाभार्थियों को धनराशि का भुगतान किया जा सके। लापरवाही बरते जाने पर कार्रवाई के लिए भी चेताया। आयुष्मान कार्ड के कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि 70 वर्ष की उम्र पूर्ण करने वाले एक भी व्यक्ति इसके लाभ से वंचित न रहने पाएं इसका विशेष ख्याल रखा जाए।
परिवार कल्याण कार्यक्रम,आशा योजना, एनसीडी कार्यक्रम के लिए भी जरूरी निर्देश दिए गए। एसीएमओ डा. जीएस यादव और प्रेमनाथ यादव, एनएचएम के कार्यक्रम प्रबंधक ऋपुंजय श्रीवास्तव ने जरूरी जानकारियां दीं। इस दौरान संस्थागत प्रसव को लेकर भी कड़ी हिदायतें दी गईं।
जिन जगहों पर घरेलू प्रसव के मामले ज्यादा मिले, वहां सुधार का निर्देश दिया गया। ज्यादा से ज्यादा प्रसव संस्थागत हों इसका विशेष ख्याल रखने की हिदायत दी गई है।