बीजपुर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को बीजपुर कस्बे में अस्पतालों और पैथाेलॉजी केंद्रों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। इस दौरान आरोग्य पैथालॉजी और अल्फा कनेक्शन सेंटर बगैर पंजीकरण के संचालित होते मिले। इसके बाद टीम ने दोनों को सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने की खबर पाकर डोडहर मोड़, बीजपुर बाजार, बस स्टैंड, डोड़हर गेट, जरहां, चेतवा, सेवकाडांड आदि गांवों में क्लिनिक चला रहे झोलाछाप शटर गिराकर भाग खड़े हुए। बगैर पंजीयन संचालित होते मिले पैथालाॅजी ओर कलेक्शन सेंटर पर नोटिस चस्पा करते हुए तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया।
पंजीकरण के नोडल/डिप्टी सीएमओ डॉ. कीर्ति आजाद बिंद ने बताया कि सबसे पहले आरोग्य पैथालॉजी की जांच की गई। टीम पहुंची तो संचालक भाग गया। फोन करने पर भी वह नहीं आया तो केंद्र को सील कर नोटिस चस्पा कर दिया गया। बीजपुर मोटर गैरेज स्थित एक अल्ट्रासाउंड केंद्र की जांच के दौरान संबंधित डॉक्टर मौजूद नहीं था।