सोनभद्र। डीएम चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं और जिला खनिज फाउंडेशन निधि से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से डीएमएफ निधि से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा में अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच आईआईटी जैसी संस्थाओं से कराई जाए।
अन्य परियोजनाओं के लिए अलग टीम गठित कर नियमित गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य से कहा कि नर्सिंग स्टाफ से जुड़ी समस्याओं का जनपद स्तर पर शीघ्र समाधान कराएं।
जिन मामलों में शासन स्तर पर कार्रवाई आवश्यक हो, उन्हें तत्काल पत्राचार कर भेजा जाए, ताकि कॉलेज की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए और सभी निर्माण कार्य समयबद्ध एवं मानकों के अनुरूप पूरे हों।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह, वरिष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग नूर आलम आदि मौजूद रहे।