कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते बढ़ौली ग्राम पंचायत के ग्रामीण।
लोहिया आवास के लिए भटक रहे सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बढ़ौली के ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में ब्लॉक और ग्राम स्तरीय अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व के प्रधान और अधिकारियों ने आवास देने के लिए उनका मकान गिरवा दिया। इसके बाद भी उनको आवास आवंटित नहीं किया गया। उन्होंने डीएम को आवास के लिए मांगपत्र सौंपा।
प्रधान पति अवधेश चौबे की अगुवाई मेें ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पूर्व प्रधान ने लोहिया आवास दिलाने के लिए वादे किए थे। उनके और ब्लॉकस्तरीय कुर्द अधिकारियों के कहने पर इसलिए मिट्टी के जर्जर मकानों को गिरा दिया गया कि वहां आवास आवास बनेगा। लेकिन अभी तक आवास की सूची में उन लोगों का नाम शामिल नहीं किया गया है। आवास न होने के कारण वे लोग बेघर हो गए हैं।
सबसे अधिक बरसात के दिनों में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अविलंब आवास मुहैया नहीं कराया गया तो वृहद आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में धुनिया, तारा, सविता, बिमला, सीमा, नौशाद, पार्वती, चमेला, सोनी आदि रहीं।