सोनभद्र। मेडिकल काॅलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की खामियां उजागर हुई हैं। यहां कई दिनों से भर्ती लकवा ग्रसित मरीज को उपचार न मिलने पर परिजन ठेले से उसे घर ले गए। अब वैद्य के यहां उपचार कराने की तैयारी है।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पवर गांव निवासी संजय की पत्नी छठ पूजा के दिन अचानक गायब हो गई थी। इस बीच उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया। वह राॅबर्ट्सगंज में इधर-उधर भोजन मांग कर गुजारा करने लगी। वह लकवे का भी शिकार हो गई। किसी ने उसे मेडिकल काॅलेज के अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां पांच-छह दिनों ने उसे बेहतर उपचार के बजाए जनरल वार्ड के पीछे शौचालय के पास स्थित कबाड़ कक्ष में लावारिस के रूप में भर्ती किया गया। वहां इसे बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा था। किसी तरह से मामले की जानकारी होने पर परिजन सोमवार को अस्पताल पहुंचे। वहां उपचार न होने के कारण लाचारी में छुट्टी कराई। गरीबी के कारण उसे ठेले पर लेटाकर घर ले गए। पति ने बताया कि अस्पताल में उपचार नहीं मिल रहा था। अब उसे लेकर नई बाजार स्थित वैद्य के पास जाएंगे।
इस मामले में किसी भी मरीज की तरह से शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा मामला है तो उसकी जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -डाॅ. बी. सागर, सीएमएस।