डिबुलगंज संयुक्त अस्पताल में मंगलवार को सौर ऊर्जा संयंत्र के उद्घाटन और हीट वेब वार्ड में कूलर भेंट करने पहुंचे राज्यमंत्री व ओबरा विधायक संजीव सिंह गोंड डॉक्टर के व्यवहार पर भड़क गए। अस्पताल में पहुंचने पर प्रोटोकॉल के अनुसार न मिलने और देर से पहुंचने पर कड़ी नाराजगी जताई।
मौके से सीएमओ से फोन पर वार्ता करते हुए कहा कि जब हमारे साथ डॉक्टर का यह व्यवहार है तो मरीजों के साथ कैसा होगा। डॉक्टर को अन्यत्र भेजने के भी निर्देश दिए। संयुक्त अस्पताल में पांच वर्ष पहले 22 लाख रुपये सौर ऊर्जा लगा था। तार चोरी होने और बैटरी की खराबी से यह बंद पड़ा था।
इस कारण बिजली जाने के बाद मरीजों को काफी परेशानी होती थी। अस्पताल के अधीक्षक के अनुरोध पर ऊर्जांचल प्रेस क्लब ने एसएसपीएस कंपनी के सहयोग से बंद पड़े सौर ऊर्जा की मरम्मत कराकर 20 किलोवाट के सौर ऊर्जा को दोबारा चालू कराया।
साथ ही अस्पताल में हीट वेब रूम के लिए बड़ा कूलर, मरीजों के बैठने के लिए स्टील चेयर, डिजिटल बीपी मशीन, वेट मशीन आदि भी भेंट किया। मंगलवार को समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।
मंत्री का काफिला जब अस्पताल पहुंचा तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत फूल माला के साथ किया। इस दौरान अस्पताल के अधीक्षक पीछे ही रह गए। मंत्री जी अस्पताल में घुसे और सीधे सौर ऊर्जा का उद्घाटन करने ऊपर चले गए। अधीक्षक उनके पीछे-पीछे पहुंचे।
उद्घाटन के दौरान अधीक्षक मंत्री से मिले तो मंत्री ने अधीक्षक डॉ. रवि प्रताप को देर से आने पर फटकार लगाई। वापस डॉक्टर के केबिन में आने पर सीएमओ से फोन पर डॉक्टर के व्यवहार की शिकायत की। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या व अन्य सुविधाएं बढ़ाने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया।
कार्यक्रम में क्षत्रिय समाज के प्रदेश महामंत्री शेषनाथ सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भाजपा नेता बालकेश्वर सिंह, ऊर्जांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष आरपी सिंह, मधुसूदन सिंह, प्रमोद शुक्ला, सत्य प्रकाश सिंह, कुंदन सिंह, ऋतुराज मौर्य, कृष्णा सिंह, एसएसपीएस के सत्यम रेड्डी, वेंकटेश रेड्डी, उमेश सिंह, रोशन शर्मा आदि उपस्थित रहे।
अपने चेंबर में मरीजों को देख रहा था, तभी मंत्री जी आ गए। बाहर स्वागत में लोग लगे थे। मैं पैर से दिव्यांग हूं और शरीर भी भारी है। इस कारण मंत्री जी तक पहुंचने में थोड़ी देर हो गई। अपनी गलती के लिए मैने मंत्री जी से माफी मांगी है।
-डॉ. रवि प्रताप सिंह, अधीक्षक, संयुक्त अस्पताल।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने यह कार्यक्रम तय किया था। संभवत: मेरे यहां आने की जानकारी डॉक्टर को नहीं थी। अगर पता होता तो उनका व्यवहार अच्छा होता। सीएमओ को डिबुलगंज अस्पताल की व्यवस्था में सुधार के लिए कहा गया है।
-संजीव सिंह गोंड, राज्यमंत्री, समाज कल्याण।